महिला पार्षद ने कराया मुंडन, विकास कार्यों में अनदेखी का आरोप
- DSS Admin
- May 19, 2026
फिरोजाबाद, 19 मई (हि.स.)। नगर निगम वार्ड नंबर छह से भाजपा की महिला पार्षद ऊषा देवी शंखवार ने मंगलवार को क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नगर निगम के गेट पर मुंडन कराया। पार्षद का यह विरोध प्रदर्शन लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
महिला पार्षद ऊषा देवी शंखवार का कहना है कि नगर निगम उनके वार्ड में कोई काम नहीं करा रहा है। पानी की समस्या के निदान के लिए तीन वर्षों से टंकी बनाने की मांग की जा रही है लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वार्ड की जनता परेशान है। उनकी निगम में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मुंडन से पूर्व उन्होंने जलकल विभाग के गेट पर धरना भी दिया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्र की महिलाएं भी थीं। सूचना मिलते ही नगर आयुक्त प्रशांत नागर धरनास्थल पर पहुंचे और पार्षद से बात की। इसके बाद उन्होंने पार्षद को सरकारी वाहन से घर भेजा। नगर आयुक्त का कहना है कि पार्षद ने कुछ समस्याएं क्षेत्र की बताई थीं। उनमें कुछ पर काम हो गया है। जो भी अन्य समस्याएं हैं, उनका भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। निर्माण विभाग और जलकल के अधिकारियों को भी उनके वार्ड में भेजा है।

