ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, पहचान में जुटी पुलिस
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
मीरजापुर, 09 जून (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के लूसा गांव के समीप मंगलवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लूसा गांव के कुछ लोग मंगलवार की शाम रेलवे लाइन की ओर गए थे। इसी दौरान लूसा रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर चुनार की दिशा में रेलवे ट्रैक पर एक वृद्ध का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि वृद्ध की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और उसकी तलाशी ली। हालांकि मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया है और उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात वृद्ध की मृत्यु हुई है। शव को मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखा गया है तथा उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------

