मुरादाबाद विकास प्राधिकरण 120 करोड़ रुपये से बनाएगा 60 मीटर चौड़ी रिंग रोड
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने दी जानकारी
मुरादाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण अब दिल्ली रोड ड्राइव 24 से रिंग रोड सिकंदरपुर तक करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से पांच किमी लंबी और 60 मीटर चौड़ी रोड बनाएगा।
एमडीए की आवासीय योजनाएं तो दिल्ली रोड से सीधे रिंग रोड के माध्यम से अन्य प्रमुख मार्गाें से जुड़ेंगी ही, इसका लाभ महानगर के अन्य लोगों को भी होगा। इसके अलावा कुछ अन्य प्रमुख मार्गाे का निर्माण भी किया जाएगा, जिसकी कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जाएगी।
बीते सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद आए थे उन्होंने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह से विकास की कई परियोजनाओं को लेकर चर्चा की थी। जिसमें 60 मीटर रोड निर्माण को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दे दी है। एमडीए उपाध्यक्ष ने शुक्रवार को बताया कि 60 मीटर रोड ड्राइव 24 के सामने सर्किट हाउस के किनारे से होते हुए बुद्धि विहार, शाहपुर, शाहपुर तिगरी, डिडौरी, डिडौरा से लेकर सिकंदरपुर तक बनेगा। सिकंदपुर में इसे रिंग रोड से जोड़ा जाएगा। यह करीब पांच किलोमीटर का होगा। इस पर करीब 120 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसकी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मास्टर प्लान भी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एमडीए इसके अलावा भी 36 और 24 मीटर रोड का निर्माण करेगा, जिसके लिए सर्वाधिक उपयोगिता वाले रोड को चिन्हित करने के बाद कार्य योजना तैयार की जाएगी।-------

