मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में अवैध खनन और खनिज संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खनन विभाग और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई गांव स्थित एक कटर प्लांट को सीज कर दिया। कार्रवाई अहरौरा निवासी हंस लाल की शिकायत पर की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जगदीश सिंह पटेल द्वारा संचालित कटर प्लांट बिना निर्धारित मानकों और आवश्यक अनुमति के चलाया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग ने जांच कराई। इसके बाद खनिज अधिकारी, उपजिलाधिकारी और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लांट का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने प्लांट से संबंधित अभिलेखों और स्वीकृतियों की जांच की। प्रथम दृष्टया जांच में प्लांट के संचालन के लिए आवश्यक कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) तथा स्टॉक लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही प्लांट निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से प्लांट को सीज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने परिसर में उपलब्ध खनिज सामग्री का भी निरीक्षण किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने प्लांट संचालक को नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस सम्बंध में उप जिलाधिकारी चुनार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बिना वैध अनुमति संचालित कटर प्लांट, स्टोन क्रशर और अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------

