देवरिया में हत्या के प्रयास मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 21, 2026
देवरिया, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस की थाना लार पुलिस ने गुरुवार काे हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में वादी जयेन्द्र सिंह निवासी चुरिया थाना लार ने तहरीर देकर बताया था कि वह गिरीश नारायण के साथ मेहरौना बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया और आरोपितों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में नामजद अभियुक्त अब्दुल समीर, साहिल शेख और आतिफ रजा उर्फ गोलू निवासी मेहरौना थाना लार को लार मठ के पास बंद पड़े खंडहर मकान से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुल समीर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गड़ासी/दाव भी बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है।
-----------

