प्रयागराज प्रधान डाकघर में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई : एक्सईएन आशीष अग्रवाल डेढ़ लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
प्रयागराज, 04 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को प्रयागराज के प्रधान डाकघर में बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आशीष अग्रवाल को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से डाक विभाग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बांदा के रहने वाले कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार शरद मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर में कराए गए कार्य का भुगतान होना था। लेकिन प्रधान डाकघर में तैनात अधिशासी अभियंता आशीष अग्रवाल ठेकेदार से घूस की डिमांड की थी। सूत्रों की मानें तो ठेकेदार ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उसके कार्यों के लगभग एक करोड़ रुपये के भुगतान के एवज में एक्सईएन आशीष अग्रवाल 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और गुरुवार को आरोपित अधिकारी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
सीबीआई टीम ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से घंटों पूछताछ की। साथ ही विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई गई। कार्रवाई के दौरान प्रधान डाकघर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आरोपित आशीष अग्रवाल को चुपचाप यहां से अपने साथ ले गई।
सीबीआई सूत्रों की मानें तो गुरुवार को की गई कार्रवाई की सूचना पर स्थानीय पुलिस को आवश्यक सहयोग के लिए लगाया गया था। मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत मांगने और लेने के इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था या नहीं। आरोपी अधिकारी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीबीआई की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे सरकारी विभागों में जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश गया है।
---------------

