पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता, समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी : गणेश केसरवानी

प्रयागराज में निकली इलेक्ट्रिक बाइक रैली, महापौर गणेश केसरवानी ने दिया हरित परिवहन का संदेश

प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है और इसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उक्त बातें शुक्रवार को स्वदेशी, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम प्रयागराज की ओर से इलेक्ट्रिक बाइक रैली यात्रा के मौके पर महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग भविष्य की जरूरत है, क्योंकि इससे प्रदूषण कम होने के साथ ईंधन की बचत भी होती है और देश आर्थिक रूप से मजबूत बनता है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक ई-वाहनों के उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र सेवा है।

स्वदेशी, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम प्रयागराज की ओर से शुक्रवार को इलेक्ट्रिक बाइक रैली यात्रा का आयोजन किया गया। महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में निकली इस रैली ने शहरवासियों को हरित परिवहन अपनाने और ऊर्जा बचत का संदेश दिया।

सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहा से प्रारंभ हुई यह रैली नगर निगम गेट नंबर-1 तक पहुंची। तिरंगे के साथ निकली इस जागरूकता यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान “राष्ट्र प्रथम – कर्तव्य सर्वोपरि”, “गो ग्रीन”, “सेव एनर्जी” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और जागरूकता से गूंज उठा।

कार्यक्रम में पार्षद आकाश सोनकर, बबलू रघुवंशी, रुद्र सेन जायसवाल, रितेश मिश्रा, मुकेश लारा, प्रमोद जायसवाल, साहिल अरोड़ा, सुनीता चोपड़ा, आशीष द्विवेदी, संस्कार सिंह, आदर्श सिन्हा, अमर सिंह, सुभाष वैश्य, बब्बन प्रजापति और विवेक मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

---------------

   

सम्बंधित खबर