जानलेवा हमले का आरोपित गिरफ्तार, चार देशी बम बरामद

प्रयागराज, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हंडिया थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को जानलेवा हमले के आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से चार देशी बम बरामद किया और विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के शाहगंज स्टेशन रोड, कस्बा मऊआइमा निवासी मो. समीर पुत्र सगीर अहमद है। पुलिस टीम ने हंडिया थाना क्षेत्र के भेस्की पुल के पास से आरोपित को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार अवैध देशी बम बरामद हुए।

उल्लेखनीय है कि 10 जून 2026 को हंडिया थाना क्षेत्र के महामाया कॉलोनी में पति-पत्नी के आपसी विवाद के दौरान पति और अन्य रिश्तेदारों द्वारा वादिनी एवं उसकी बहन के साथ मारपीट और तमंचे से फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया था। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना हंडिया में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मुकदमे में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/5 की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कमिश्नरेट में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। हंडिया पुलिस द्वारा हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अवैध देशी बम बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज, उपनिरीक्षक राममिलन यादव, उपनिरीक्षक गौतम कुमार, कांस्टेबल महेश पाल एवं कांस्टेबल श्रद्धांश अशोक शामिल रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर