जेवरात एवं लाइसेंसी रिवाल्वर, 36 कारतूस, एक आईफोन और नकदी बरामद
प्रयागराज, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में करैली थाने और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, एक लाइसेंसी रिवाल्वर, 36 कारतूस, एक आईफोन और नकदी बरामद की है। यह जानकारी सोमवार को पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।
उन्होंने बताया कि करैली थाने में दर्ज हुए चोरी के मुकदमे की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर सोमवार को मुर्गा दरबार कछार क्षेत्र से तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में इस्माइल शेख उर्फ पुल्लू , नदीम उर्फ लड्डू तथा खजमुद्दीन शेख उर्फ छोटू उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से झारखंड के साहेबगंज जिले के निवासी हैं और वर्तमान में करैली क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों में रह रहे थे।
किराए के मकान में हुई थी चोरी
मामले की शुरुआत तब हुई जब मोहतिशिमगंज निवासी एखलाक अहमद ने करैली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके किराए के मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली है। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीमों का गठन किया।
दिन में रेकी, रात में चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने और ई-रिक्शा चलाने के बहाने विभिन्न मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान छिपाने और बेचने के लिए वे झारखंड भाग जाते थे तथा उसी धन से अपना खर्च चलाते थे।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन कंगन, दो ब्रेसलेट, एक लॉकेट, सात अंगूठियां, नौ नाक की कील, छह कान के टॉप्स, एक चेन समेत अन्य आभूषण, एक सफेद धातु की अंगूठी, चोरी की लाइसेंसी .32 बोर रिवाल्वर, 36 कारतूस, एक एप्पल आईफोन तथा 1150 रुपये नकद बरामद किए हैं।
डीसीपी नगर का बयान
मनीष कुमार शांडिल्य ने करैली थाना पुलिस एवं एसओजी नगर टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का सफल खुलासा किया गया है। डीसीपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में करैली थाना प्रभारी आशीष सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस तथा एसओजी नगर प्रभारी शान्तनु सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------

