जाैनपुर में साइबर सेल ने खाेए 125 मोबाइल फोन किए बरामद

जौनपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की साइबर क्राइम सेल ने खाेए या फिर चाेरी गए 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपा है। फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आकी गई है।

पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। साइबर क्राइम टीम ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से खाेए इन मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बरामद किया हैं। जिले में अब तक कुल 1640 खाेए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 28 लाख रुपये है।

बरामद किए गए मोबाइल फोन जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जनपदों जैसे आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी मोबाइल बरामद हुए हैं।

इस दौरान एसपी सिटी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत संबंधित थाना या फिर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। साथ ही किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

-----------------

   

सम्बंधित खबर