कानपुर, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जगतायपुर गांव निवासी राजकुमार (33) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार की देर रात वह रनियां स्थित फैक्ट्री से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जहंगीराबाद गांव के पास पेट्रोल पंप के निकट सामने से ओवरटेक करते हुए आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार के लोगों ने आरोपित चालक की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

