श्रावस्ती में तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर, एक की मौत, छह लाेग जख्मी
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
श्रावस्ती, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने तीन अलग स्थान-स्थान पर ग्रामीणों को टक्कर मार दी। बीती रात हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि अन्य छह के घायल हाे गए हैं। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो चालक नशे में था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
मंगलवार की रात लगभग 9:30 बजे गिरन्ट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कार्पियो UP46F0011 ने सबसे पहले बदला चौराहे के वहीं के रहने वाले इम्तियाज, सुभान अली, अरबाज और नबी अहमद को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो ग्राम पंचायत महरु में फिरोज और जहां महफूज उर्फ शेबू खान को टक्कर मार दी। चपेट में आने पर महफूज गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए बहराइच ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। महफूज एचपी गैस एजेंसी के संचालक बताए जा रहे हैं।
इस हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो को ग्रामीणों ने राेक लिया और चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही बदला चौकी प्रभारी संदीप कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुँचे और चालक को भीड़ से बाहर निकालकर वाहन सहित कस्टडी में लिया। घायल ग्रामीणों को निजी वाहन से बहराइच उपचार हेतु भेजा गया। इसी बीच हादसे की सूचना पाकर बहराइच जा रहे मृतक महफूज के भाई राजा का भी ग्राम पंचायत चिचड़ी के पास एक्सीडेंट हो गया जिसमें वह घायल हो गए। जिनका उपचार बहराइच में चल रहा है। पुलिस ने स्कॉर्पियो और चालक को हिरासत में लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
--------

