यूपीटीईटी-2026 की दूसरे दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
लखनऊ, 03 जुलाई (हि.स.)। शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) की लिखित परीक्षा का आज दूसरा दिन है। आज दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई है। त्रिदिवसीय परीक्षा का अंतिम पेपर चार जुलाई को प्रथम पाली में होगा। वहीं गुरुवार से आयोजित परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को बताया कि परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से उनकी, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। परीक्षा देकर निकले कुछ अभ्यर्थियों ने कहा कि पेपर बहुत ही अच्छा था तो कुछ लोगों के चहेरे पर मायूसी देकर यह लगा रहा है कि उनका पेपर अच्छा नहीं गया है। कुछ लोगों ने पेपर कठिन सवाल होना बताया। फिलहाल अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था पर संतुष्ट दिखे हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले दिन की परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 8,07,636 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,84,614 यानी 84.76 फीसदी अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 84.69 फीसदी तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 84.86 फीसदी रही। परीक्षा के सफल संचालन में जिला एवं पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग मिला। केंद्रों पर चेकिंग के दौरान 15 लोग पकड़े गए थे। वह दूसरे लोगों की स्थान पर परीक्षा देने के लिए आये थे। इसके बाद दूसरे परीक्षा चेकिंग को और सख्त कर दी गई थी। ये सभी एआई कैमरों की मदद से पकड़े गये थे।
---------------

