आधार कार्ड में नैनीताल के हरीश पता मिला पुणे का नाम निकला सैयद सुलतान
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
नैनीताल, 02 जुलाई (हि.स.)। नगर के स्टोनले कंपाउंड निवासी एक युवक के आधार कार्ड में किसी अन्य व्यक्ति का पता दर्ज मिलने का मामला सामने आया है। आधार कार्ड में नाम, फोटो, मोबाइल नंबर और आधार संख्या युवक की होने के बावजूद पते में महाराष्ट्र के पुणे निवासी व्यक्ति का विवरण दर्ज होने से दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले में लिखित शिकायत मिलने पर जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टोनले कंपाउंड निवासी हरीश रावत अपने यूनियन बैंक खाते की केवाईसी कराने के लिए आधार सुविधा केंद्र पहुंचे थे। इस दौरान आधार कार्ड डाउनलोड करने पर उसमें उनके नाम के साथ सैयद सुलतान सैयद महबूब निवासी रामनगर रामकेड़ी, हैदरपुर, पुणे (महाराष्ट्र) का पता दर्ज मिला। जबकि आधार कार्ड पर फोटो, मोबाइल नंबर और आधार संख्या हरीश रावत की ही है। हरीश रावत ने आशंका जताई है कि उनके आधार कार्ड अथवा मोबाइल नंबर का किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग किया जा सकता है। उन्होंने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून 2025 में भी मल्लीताल के बड़ा बाजार क्षेत्र में फर्जी पते का उपयोग कर आधार कार्ड बनवाने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में स्थानीय निवासी अमित लाल साह की शिकायत पर मल्लीताल पुलिस ने धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी। अमित लाल साह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पैतृक आवास, मकान संख्या-21, बड़ा बाजार के पते का दुरुपयोग कर अब्दुल अलीम खान पुत्र मोहम्मद सईद खान ने 2015 में आधार कार्ड बनवा कर 10 वर्षों से इस आधार कार्ड का उपयोग विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यों में भी किया जा रहा था, जबकि आरोपित अब्दुल अलीम खान अथवा उसके परिवार का उनके परिवार से कोई संबंध नहीं था और न ही उन्हें कभी उनके पते पर रहने या उसका उपयोग करने की अनुमति दी गई थी।

