मीरजापुर, 19 जून (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी अंतर्गत विजयपुर गांव के बरगाहीपुर मजरा स्थित सीवान में शुक्रवार सुबह एक ट्रक चालक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गोसाईपुर सगरा निवासी 30 वर्षीय लवकुश मौर्या पुत्र हरिशंकर मौर्या के रूप में हुई। परिजन के अनुसार, लवकुश पड़ोसी जयप्रकाश मौर्या का ट्रक चलाता था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह ट्रक लेकर निकला था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि विजयपुर गांव के पांडेयपुर चौराहे के पास गुरुवार रात करीब नौ बजे ट्रक सड़क पर धंस गया था। इसके बाद चालक ट्रक से उतरकर कहीं चला गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव सीवान में मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
गांव के सुनील कुमार प्रजापति ने बताया कि उनकी सूचना पर पीआरवी पुलिस रात करीब दस बजे ट्रक के पास पहुंची थी। वहीं, गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिली।
थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा देवी, पांच वर्षीय पुत्र राज, तीन वर्षीय पुत्री गुड़िया, माता गीता देवी और भाई मनीष मौर्या को छोड़ गया है।
---------------

