नौतपा के पहले दिन भगवान श्री विश्वेश्वर का फलों के रस से अभिषेक, विशेष अनुष्ठान
- DSS Admin
- May 25, 2026
वाराणसी,25 मई (हि.स.)। ग्रीष्म ऋतु के अत्यधिक उष्ण नौ दिवसीय काल “नौतपा” के पहले दिन सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग का अभिषेक गुलाब लीची और आम के रस से किया गया। नौतपा के पहले दिन से भगवान श्री विश्वेश्वर (श्री काशी विश्वनाथ)का विविध फलों के रस से विशेष अभिषेक करने का क्रम आरंभ किया गया।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार नौतपा के शेष दिनों तक भगवान श्री विश्वेश्वर का प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के फलों के रस से अभिषेक किया जाएगा। इस विशेष अनुष्ठान का उद्देश्य ग्रीष्म ऋतु में भगवान विश्वनाथ को शीतलता अर्पित कर समस्त भक्तों को शीतलता की अनुभूति कराने का है।
मंदिर में बाबा के विशेष अनुष्ठान और फलों के रस से अभिषेक का दर्शन करने के लिए शिवभक्त भरी दोपहरी में कतारबद्ध रहे। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर हर—हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से गुंजायमान रहा।

