पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि के विरोध में वाराणसी में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- May 18, 2026
वाराणसी, 18 मई (हि.स.)। देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित मांगों का पत्रक जिलाधिकारी के प्रतिनिधि अफसर को सौंप पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छात्र एवं गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। जब तक मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में पार्टी प्रवक्ता संजीव सिंह, सतनाम सिंह, राजू गौतम, अशोक सिंह, गिरीश पाण्डेय, राजीव राम, दिलीप चौबे, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, विनोद सिंह, राज खां, अनुराधा यादव, अधिवक्ता राजेश त्रिपाठी, हसन मेहंदी कब्बन, खालिद सिद्दीकी, पूनम विश्वकर्मा, संतोष चौरसिया, मनोज वर्मा, प्रमोद वर्मा, संतोष मौर्य, नरसिंह दास, अब्दुल हमीद डोडे, हाजी इश्लाम, आशिष केशरी, रामकेश यादव आदि शामिल रहे।

