'गाजी मियां' के पलंग— पीढ़ी मेदनी का जुलूस बहराइच रवाना,जुलूस में लोगों ने पूरे उत्साह से की भागीदारी
- DSS Admin
- May 15, 2026
—बड़ी बाजार स्थित गाजी मिया के दरगाह पर सुबह से बड़ी संख्या में जुटे अकीदतमंद
वाराणसी, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शुक्रवार काे सलारपुर बड़ी बाजार स्थित हजरत सैयद सलार मसूद गॉजी रहमतुल्लाह अलैह ('गाजी मियां') की मजार से पलंग— पीढ़ी मेदनी की जुलूस (शादी का सगुन) लेकर दरगाह कमेटी के पदाधिकारी व अकीदतमंद अपने—अपने साधनों से बहराइच के लिए रवाना हो गए।
इसके पहले आस्ताने (दरगाह ) से सुबह आठ बजे गाजी मियां के मेदिनी व पलंग पीढ़ी का जुलूस निकला, क्षेत्रीय हजारों अकीदतमंद पुरूष,महिलाएं व बच्चे पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। दरगाह कमेटी के गद्दीनशीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने बताया कि सलारपुर बड़ीबाजार स्थित गाजी मियां के रौजे से निकलने वाला यह जुलूस सैकड़ों वर्ष पुराना है। रवायत के अनुसार निकलने वाले इस जुलूस में सभी वर्ग के अकीदतमंद पूरे उत्साह के साथ शामिल होते हैं। यह जुलूस जगह-जगह लोगों को जियारत कराते हुए बहराइच स्थित गाजी मियां के रौजे पर पहुंचेगी।

