वाराणसी: बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से मारपीट, तीन आरोपित हिरासत में
- DSS Admin
- May 18, 2026
—गुजरात से आए श्रद्धालुओं ने लगाया आरोप,कोतवाली थाने में दिया तहरीर
वाराणसी,18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित बाबा कालभैरव मंदिर में गुजरात के श्रद्धालुओं से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित श्रद्धालुओं की लिखित शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद सोमवार को तीन आरोपी युवकों को दबोच लिया। आरोपितों की पहचान अमित यादव,अमन शर्मा,रजनीश यादव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गुजरात के नवसारी निवासी मुकेश भाई पटेल बीते शनिवार को अपने परिवार के साथ दोपहर में काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। मुकेश और उनके परिजन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतार में खड़े थे। तभी अचानक वहां पहुंचे कुछ युवकों ने बैरिकेडिंग बंद कर दी। इससे मुकेश की मां बैरिकेडिंग के अंदर रह गईं, जबकि पिता और भाई कतार से बाहर हो गए। मुकेश भाई का आरोप है कि उन्होंने युवकों से कहा कि दर्शन के लिए खड़ा उनका परिवार कतार से अलग हो गया है और सभी को साथ जाने दिया जाए, अन्यथा परेशानी होगी। लेकिन युवकों ने दंबगई दिखा, उनकी एक नहीं सुनी। इस घटना का वीडियो बनाने पर आरोपी युवकों ने वृद्ध पिता को धक्का दिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। उनकी मां बीच बचाव के लिए आई तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान मौके पर कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। रविवार को जब यह मामला सोशल मीडिया में सुर्खियों में आया तो पुलिस ने जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की तलाश शुरू की। पीड़ित परिवार के यश पटेल ने बताया कि उसकी मां और पिता से अभद्रता की गई। इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसका गला भी दबाया गया। यश ने बताया कि कोतवाली थाने में तहरीर दिया है। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर श्रद्धालुओं से मारपीट करने वालों की पहचान कराने के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

