प्रधानमंत्री का जाेधपुर-पचपदरा दाैरा: सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
जोधपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल व पचपदरा रिफाइनरी के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जुलाई को सुबह 11.45 बजे जोधपुर पहुंचकर शहर के बहुप्रतीक्षित नए एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री एयरपोर्ट परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रिमोट से बटन दबाकर नए एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसी दौरान क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना ‘उड़ान-2’ का भी शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।
जोधपुर एयरपोर्ट के नए परिसर को पुलिस और सुरक्षा एजेंसी ने अपने घेरे में ले लिया है। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ ही मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक ने यहां का दौरा किया। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरीके से एयरपोर्ट को अपने नियंत्रण में ले लिया है। आज भी विशेष दस्तों ने डॉग स्क्वायड की सहायता से एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाएं जांची।
प्रधानमंत्री विशेष विमान से एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से एयरफोर्स एरिया के अंदर से ही सडक़ मार्ग से नए टर्मिनल भवन के डिपार्चर गेट तक आएंगे। लाउंज एरिया में लोकार्पण समारोह होगा। कार्यक्रम के दौरान वे भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों से संक्षिप्त मुलाकात भी करेंगे। पूरा कार्यक्रम करीब 22 मिनट का रहेगा। इसके बाद वे नए टर्मिनल के अराइवल गेट से बाहर निकलकर हेलीकॉप्टर से पचपदरा के लिए प्रस्थान करेंगे।
करीब तीन वर्ष में तैयार हुए जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन पर लगभग 480 करोड़ रुपए की लागत आई है। यह भवन पुराने टर्मिनल की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है और इसमें यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। सबसे बड़ी विशेषता छह एयरोब्रिज हैं, जो पश्चिमी राजस्थान के किसी भी एयरपोर्ट पर पहली बार लगाए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक चेक-इन काउंटर, उन्नत सुरक्षा जांच व्यवस्था, स्वचालित बैगेज सिस्टम, विस्तृत प्रतीक्षालय और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। जोधपुर का यह नया रनवे और टर्मिनल कई मायनों में बेहद खास और प्रदेश का सबसे आधुनिक एयर बेस है। इसके चालू होने से यात्रियों को विमान में चढऩे (बोर्डिंग) और उतरने (आगमन) के लिए सीढिय़ों या बसों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा, जिससे समय की बड़ी बचत होगी। नए और बड़े
टर्मिनल के शुरू होने से जोधपुर की देश-विदेश के प्रमुख शहरों से एयर कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी, जिसका सीधा फायदा यहां के पर्यटन, हस्तशिल्प उद्योग और व्यापार को मिलेगा। नया टर्मिनल 24 हजार वर्ग मीटर में बनाया गया है। जोधपुर हवाई अड्डे की बिल्डिंग का निर्माण जोधपुर के पत्थरों से किया गया है। इसे हेरिटेज लुक दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार नए टर्मिनल की यात्री क्षमता वर्तमान टर्मिनल की तुलना में लगभग सात गुना अधिक होगी। इससे भविष्य में बढऩे वाले हवाई यातायात को आसानी से संभाला जा सकेगा। लोकार्पण के बाद तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने पर चरणबद्ध तरीके से एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कार्यालय नए टर्मिनल में स्थानांतरित किए जाएंगे तथा वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन भी यहीं से शुरू होगा।

