मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से श्रमिक की मौत

मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के गलरिया गांव में बुधवार सुबह मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

गलरिया गांव निवासी 63 वर्षीय पग्गल धरकार अपने घर के समीप खेत में मिट्टी पटवाने का कार्य करा रहे थे। खेत में जेसीबी मशीन से मिट्टी समतलीकरण का काम चल रहा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मिट्टी गिराई जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे मिट्टी लेकर पहुंचे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से पग्गल धरकार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रोने-बिलखने लगे। मृतक के पुत्र रवि ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि अज्ञात चालक तेज गति और लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान उसने उनके पिता को टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजन के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रैक्टर स्वामी वीरेंद्र कोरी के घर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर