औरैया में वन्देभारत एक्सप्रेस के सामने कूदकर युवक ने दी जान
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
औरैया, 22 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अछल्दा कस्बे के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक ने वन्देभारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कुदकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि यह हादसा अछल्दा क्षेत्र में 13 बी रेलवे क्रॉसिंग के पास डाउन लाइन की मेन लाइन पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 35 वर्षीय युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर आकर खड़ा हो गया। इसी दौरान आनंद विहार से अयोध्या जा रही ट्रेन संख्या (22426) वन्देभारत एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। ट्रेन चालक ने हॉर्न बजाया, लेकिन युवक ट्रैक से नहीं हटा और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक ने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद वन्देभारत एक्सप्रेस के लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को इनायतपुर के पास रोक दिया। इंजन की जांच की गई और करीब चार मिनट बाद ट्रेन को दोबारा गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजने की तैयारी की जा रही है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर रही है, ताकि युवक की शिनाख्त हो सके।
---------------

