एम एन सिंह के निधन से शैक्षणिक व सामाजिक जगत की अपूरणीय क्षति : डॉ अनिल भदौरिया
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
--एम एन सिंह ने नशा मुक्ति और एड्स पीड़ितों के उद्धार में ऐतिहासिक कार्य किये: डॉ. प्रभात मिश्र
प्रयागराज, 30 जून (हि.स)। उ.प्र. राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के समाज विज्ञान विद्या शाखा के पूर्व निदेशक लोकप्रिय शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. एम.एन. सिंह के निधन पर मंगलवार को गोविंदपुर शिवकुटी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ अनिल कुमार सिंह भदौरिया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा डॉ. सिंह मुक्त विश्वविद्यालय परिवार में अत्यंत लोकप्रिय शिक्षक थे। समाज विज्ञान विद्या शाखा में अनेक नवाचारी शैक्षणिक कार्यक्रमों को प्रारंभ करने का श्रेय उन्हें जाता है। उन्होंने समाज विज्ञान विद्या शाखा में कई शोध प्रोजेक्ट को पूरा कर सैकड़ों शिक्षार्थियों को लाभान्वित किया। डॉ. सिंह का निधन शैक्षणिक व सामाजिक जगत की अपूरणीय क्षति है।
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने कहा कि डॉ. सिंह का जीवन हमेशा जरूरतमंदों के लिए समर्पित रहा। अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली की वजह से वे विश्वविद्यालय के कई कुलपतियों के अत्यंत प्रिय रहे। उन्होंने राज्य सरकार के प्रोजेक्ट के तहत मिले अनुदान से रेड लाइट एरिया की किशोरियों के पुनर्वास, नशा मुक्ति और एड्स पीड़ितों के उद्धार के लिए ऐतिहासिक कार्य किये। तत्कालीन राज्यपाल के निर्देश पर गठित रेड रिबन क्लब के संयोजक के रूप में उन्होंने समाजोपयोगी कार्य किया। डॉ मिश्र ने कहा कि देश के जाने-माने प्रवर्तन निदेशालय के पूर्व निदेशक एवं लखनऊ के वर्तमान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को उनके निर्देशन में शोध कार्य पूर्ण करने का गौरव प्राप्त है, जो डॉ. सिंह की शैक्षणिक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। डॉ मिश्र ने दुःख व्यक्त हुए कहा कि उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया।
डॉ सिंह के अत्यंत करीबी चांदपुर सलोरी निवासी इंदू भूषण पांडेय ने कहा कि उनका कुशल मार्गदर्शन हमेशा प्राप्त होता रहा। वह हमेशा स्मृतियों में जीवंत रहेंगे। डॉ सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों में डॉ हरिश्चंद्र जायसवाल, डॉ त्रिपुरारी नाथ दुबे, डॉ सर्वेश यादव आदि प्रमुख रहे।
---------------

