नैनीताल, 30 जून (हि.स.)। नैनीताल नगर में पिछले चार दिनों के भीतर नैनी झील से तीसरा शव मिलने की घटना सामने आई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से नगरवासियों, पर्यटकों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। आज सुबह पाषाण देवी मंदिर क्षेत्र के समीप झील में एक युवक का शव उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान मल्लीताल सात नंबर निवासी 31 वर्षीय प्रकाश चंद्र आर्या के रूप में की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद्र आर्या मल्लीताल स्थित एक होटल में कार्यरत थे। सोमवार रात्रि वह एक मित्र से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन कार्यस्थल पर नहीं पहुंचने पर होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना परिजनों को दी। खोजबीन के दौरान पाषाण देवी मंदिर के समीप झील किनारे उनका बैग, कपड़े, जूते तथा दूध की बोतल मिली, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार प्रातः भ्रमण पर निकले लोगों ने झील में एक शव उतराता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय नाविकों की सहायता से शव को झील से बाहर निकाला। परिजनों द्वारा शव की पहचान प्रकाश चंद्र आर्या के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता शव परीक्षण रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

