वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन का स्वरूप देना आवश्यक : वंदना अग्रवाल
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

--महिला कल्याण समिति ने रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में किया पाैधरोपण
प्रयागराज, 03 जून (हि.स)। प्रयागराज मंडल में ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर 15 मई से 05 जून तक संचालित “विश्व पर्यावरण दिवस” अभियान के अंतर्गत बुधवार को महिला कल्याण समिति प्रयागराज मंडल द्वारा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में पाैधरोपण कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति प्रयागराज मंडल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है तथा इसके प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे कॉलोनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं पर्यावरण-अनुकूल पौधे लगाए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में सुदृढ़ वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस, प्रज्ञा दीपक कुमार, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह, अनुश्री सहित समिति की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी सदस्याओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सिविल लाइंस स्थित रेलवे लोको कॉलोनी के 10वें मार्ग पर पाैधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा, अभियान के अंतर्गत प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, पार्कों एवं कॉलोनियों में स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई अभियान तथा पौधरोपण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” योजना के माध्यम से कपड़े एवं जूट से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक इन्फ्रा धनंजय कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------

