बीएलए बूथ पर जुट जाएं, तभी चुनाव में मिलेगी सफलता : मनोज रावत
- DSS Admin
- May 17, 2026
देहरादून, 17 मई (हि. स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देहरादून जनपद की सभी विधानसभाओं के बीएलए-1, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पार्टी के बीएलए की गंभीर और सक्रिय भूमिका ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी बीएलए के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पार्टी मजबूत स्थिति में रहे।
बैठक में देहरादून जनपद के मुख्य ट्रेनर अखिलेश उनियाल ने एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजीकरण और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएलए, प्रभारी, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष आपसी तालमेल के जरिए संगठन को मजबूत कर सकते हैं।
प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी ने एसआईआर को लेकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, गोदावरी थापली, अमेंद्र बिष्ट, रितेश जोशी, डिंपल सिंह, रिहाना परवीन, दिनेश कौशल, सुरेंद्र सिंह नेगी (करतार), प्रशांत खंडूड़ी, संजय जैन, गौतम डोगरा, राजकुमार जायसवाल, अनूप सक्सेना समेत सभी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और बीएलए मौजूद रहे।

