प्रकृति के करीब दिखे राज्यपाल, बर्ड वॉचिंग में दुर्लभ पक्षियों को निहारा

नैनीताल, 23 मई (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने शनिवार सुबह लोक भवन परिसर एवं गोल्फ कोर्स क्षेत्र में बर्ड वॉचिंग कर विभिन्न पक्षी प्रजातियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पक्षियों के प्राकृतिक आवास, व्यवहार, खान-पान एवं पर्यावरणीय महत्व की जानकारी प्राप्त की और जैव विविधता के संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान विशेषज्ञों ने राज्यपाल को लोक भवन क्षेत्र में पाई जाने वाली वनस्पतियों, तितलियों और पक्षियों के बारे में जानकारी देते हुए उनके पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान से अवगत कराया। बर्ड वॉचिंग के दौरान ब्लू व्हिस्लिंग थ्रश, कोल टिट, ग्रे-हेडेड वुडपेकर, ग्रीन-बैक्ड टिट, कलीज फीजेंट, स्मॉल निल्टावा और यूरेशियन जे सहित अनेक पक्षी प्रजातियों का अवलोकन किया गया। साथ ही बांज, रिंगाल, देवदार, पांगर और मैपल जैसे वृक्षों तथा हिल जेजेबेल, इंडियन कैबेज व्हाइट और कॉमन वुड ब्राउन जैसी तितलियों की पहचान भी कराई गई। राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति और जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद सहित नैनीताल वन प्रभाग एवं लोक भवन की टीम उपस्थित रही।

---------------

   

सम्बंधित खबर