हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, तीन गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 21, 2026
हल्द्वानी, 21 मई (हि.स.)। आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कत्याल ने पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता और मोहित प्रसाद के रूप में हुई है।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह आईपीएल मैचों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सट्टा खिलाने का काम कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैंग प्रतिदिन करीब 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अब तक गिरोह लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा करा चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, सट्टे का हिसाब-किताब लिखी एक रजिस्टर तथा 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के मुताबिक लंबे समय से इलाके में आईपीएल सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त निगरानी शुरू की। पुख्ता सूचना मिलने पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब गिरोह के बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और अन्य संपर्कों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

