कंडोलिया महोत्सव में करिश्मा शाह के गीतों पर झूमे दर्शक

पौड़ी गढ़वाल, 17 जून (हि.स.)। जय कंडोलिया पौड़ी महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज की युगल जोड़ी के गढ़वाली, जौनसारी और पंजाबी गीतों पर दर्शक देर रात तक थिरकते रहे। उनके शानदार गीतों पर उनकी टीम ने प्रभावशाली नृत्य प्रस्तुत किए।

करिश्मा शाह ने सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत अपने प्रिय गीत सिमली नि बसणा से की उसके बाद बेडू पाको बारामासा ,अब लगालु मांडण,फूल फूले यारो, सोवनी काली चूड़ी कांच की,डम डम हुडको बाजे,खुट्टी रॉड गै और जौनसारी गीतमेरी प्यारिए आदि गाकर युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। युवा गायक रुहान भारद्वाज ने हे भोजी रंगीली भोजी, भक्तु मामा कांशीराम,पारे भीड़ा की घसेरी छोरी, शिव गंगा न्योला, चैता की चैत्वाली,मोहना तेरी मुरली बाजे आदि गायिकी का जादू युवा दर्शकों के सर चढ़कर बोला।

इससे पूर्व मंथन नृत्यालय पौड़ी के कलाकारों ने बाबा रे गोरिल कंडोलिया से कार्यक्रम की शुरुआत की। पराज इंस्टीट्यूट ऑफ पेरा मेडिकल साइंस के कलाकारों ने नंदा राजजात की शानदार प्रस्तुति दी। भूमिका एंड डांस ग्रुप के कलाकारों ने आँछरी नृत्य की रोचक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी ने कहा कि शहर के सांस्कृतिक उत्सवों को और अच्छे स्वरूप के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने शहर वासियों से एकता के साथ नगर विकास में सुझावों के साथ बढ़ चढ़कर सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, डिस्ट्रीक फॉरेस्ट ऑफिसर, केंद्रीय विश्व विद्यालय श्रीनगर,लोक भाषा एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल गणी, पराज इंस्टीट्यूट ऑफ पेरा मेडिकल साइंस के निदेशक डॉ विंदेश्वर बलोदी व सभी वार्डों के सभासद मौजूद थे। संचालन सतेन्द्र रावत ने किया।

   

सम्बंधित खबर