प्रशिक्षण महाअभियान से 38 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता तैयार: कुंदन परिहार
- DSS Admin
- May 21, 2026
देहरादून, 21 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत प्रदेशभर में 38 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियों के लिए प्रशिक्षित किया है। मंडल और जिला स्तर के प्रशिक्षण वर्गों के बाद अब पार्टी मोर्चों, प्रकोष्ठों और प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने की तैयारी में जुट गई है।
यह जानकारी देते हुए गुरुवार काे भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी संविधान के अनुसार देशभर में कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। इसीक्रम में उत्तराखंड भाजपा ने सभी 304 मंडलों और 19 संगठनात्मक जिलों में प्रशिक्षण सत्र सम्पन्न कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 15 अप्रैल के बीच आयोजित मंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्गों में कुल 35,498 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इन वर्गों में सात सत्रों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मंत्री, विधायक, प्रदेश और जिला पदाधिकारी सहित सरकार में दायित्वधारी शामिल रहे। इसके बाद 15 अप्रैल से 20 मई तक सभी 19 संगठनात्मक जिलों में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए। इन प्रशिक्षण वर्गों में 3244 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कुल 12 सत्रों में विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। इन वर्गों में प्रतिभागियों के लिए रात्रि प्रवास भी अनिवार्य रखा गया था। प्रशिक्षणार्थियों में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, विधायक और अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कुंदन परिहार ने प्रशिक्षण वर्गों की सफलता पर संतोष जताते हुए कहा कि अगले चरण में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर संयुक्त मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। साथ ही तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन के साथ उत्तराखंड में यह अभियान पूर्ण होगा।

