अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी गठित,रविंद्र पुरी बने अध्यक्ष

हरिद्वार, 27 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन शनिवार को यहां आयोजित परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े के के ​सचिव मंहत नरेंद्र गिरी को परिषद का अध्यक्ष चुना गया।

श्री पंचायती अखाड़ा अटल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता रविंद्र पुरी महाराज ने की। बैठक में राजेंद्र दास महाराज को महामंत्री,दुर्गादास महाराज (उदासीन बड़ा अखाड़ा) को उपाध्यक्ष, शंकर दास महाराज को मंत्री-सह-संयोजक,संजय दास महाराज (हनुमानगढ़ी) को राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा सत्यम गिरी महाराज (अटल अखाड़ा) को लेखाकार नियुक्त किया गया। महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज को मीडिया संयोजक बनाया गया। संरक्षक मंडल में भगतराम महाराज,दयाल सदा महाराज और ज्ञानदेव सिंह महाराज को शामिल किया गया।

बैठक में संत समाज ने सनातन धर्म की रक्षा,संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही आगामी कुंभ पर्वों का आयोजन सनातन परंपराओं और शास्त्रीय मान्यताओं के अनुरूप कराने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

बैठक के बाद विभिन्न अखाड़ों के संतों एवं प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी संत समाज, सनातन धर्म और अखाड़ा परंपरा के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

उल्लेखनीय है कि सनातन परंपरा में कुल 13 मान्यता प्राप्त अखाड़े हैं। शनिवार को गठित अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद को इनमें से आठ अखाड़ों का समर्थन प्राप्त है,जबकि शेष पांच अखाड़ों का अलग गुट अपनी पृथक अखाड़ा परिषद संचालित कर रहा है। संयोग से उस परिषद के अध्यक्ष का नाम भी श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज है,जो निरंजनी अखाड़े के सचिव हैं। इस कारण दोनों परिषदों के अध्यक्षों के नाम समान हैं, लेकिन दोनों अलग-अलग परिषदों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

   

सम्बंधित खबर