(संसोधित) अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन, रविंद्र पुरी महाराज बने अध्यक्ष
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
हरिद्वार, 27 जून (हि. स.)। श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार देर शाम पंचायती अखाड़ा अटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने की। इस दौरान परिषद की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज (महानिर्वाणी अखाड़ा) को पुनः अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का अध्यक्ष चुना गया। वहीं राजेंद्रदास महाराज को महामंत्री, दुर्गादास महाराज (उदासीन बड़ा अखाड़ा) को उपाध्यक्ष, शंकर दास महाराज को सह-संयोजक, मंत्री वैष्णव दास महाराज, संजय दास महाराज (हनुमानगढ़ी) को राष्ट्रीय प्रवक्ता और सत्यम गिरी महाराज (अटल अखाड़ा) को लेखाकार व महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज को मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। परिषद ने संरक्षक मंडल में भगतराम महाराज, मुरली दास महाराज तथा ज्ञान देव सिंह महाराज को शामिल किया है।
बैठक में संत समाज ने सनातन धर्म की रक्षा, संरक्षण एवं उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी वर्षों में आयोजित होने वाले कुंभ पर्वों को सनातन संस्कृति एवं शास्त्रीय परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के समापन के बाद संत समाज एवं विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं दी। परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सनातन धर्म, संत समाज और अखाड़ा परंपरा के हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।
गौरतलब है कि कुल तेरह सनातन अखाड़े हैं। आज भी बैठक में 8 अखाड़ों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जाहिर है कि बैठक मेंअखाड़ा परिषद ने अपना बहुमत भी साबित कर दिया। इसके साथ अब दूसरे खेमे में पांच अखाड़े ही रह गए हैं।
---------------

