पौड़ी गढ़वाल, 19 जून (हि.स.)। जय कंडोलिया महोत्सव पौड़ी की चौथी सांस्कृतिक संध्या गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी व साथी कलाकारों के नाम रही। नरेंद्र सिंह नेगी की प्रस्तुतियों को देखने के लिए रामलीला मैदान दर्शकों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। यहां दर्शक नेगा के गीतों पर जहां थिरकते नजर आए। वहीं, दिवंगत शूटर जसपाल राणा की के निधन पर नेगी द्वारा श्रद्धांजलि गीत पर दर्शक भावुक भी नजर आए।
रामलीला मैदान में आयोजित चौथी सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिवीजन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी की सचिव नाजिश कलीम ने किया। कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों से विरासत नई पीढ़ी को हस्तांतरित होती है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए पालिका प्रशासन की सराहना की। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ नरेंद्र सिंह नेगी ने कंडोलिया बाबा की 'स्तुति जाग जा कंडोलिया बाबा जाग जा' से किया। इसके बाद नृत्य प्रस्तुति कौथिग देखि ओला ढिंग तालों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
ओ हो मार गे तेरी करली नज़र मार गे गीत को युवाओं ने खूब पसंद किया। नवोदित गायिका अंजलि खरे और नेगी के युगल प्रेम गीत रुआं धुवां सी फ्वले ग्यो तुमरी माया मा और अंजलि खरे द्वारा गाया गया गीत ब्यखुनी कु घाम अछले बि नि छ पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खूब सराहा। पर्यावरण की सुंदरता को व्यक्त करता गीत मालु ग्वीरालु का बीच खिलीं सकनी अहा पर नृत्य प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरी।
नवोदित गायिका प्रतीक्षा बमराडा ने ऐगे चौ दिशा मूल्यार और फ्यूंली ज्वान ह्वेगे को दर्शकों ने खूब पसंद किया। लोक गायक अनिल बिष्ट ने लगेगी बाजार की हवा मेरी प्यारी लछिमा की शानदार प्रस्तुति दी। उनके चल बैजरों का सैणा गीत पर दर्शक खूब थिरके। इसके अलावा मैकू एक चुंगटी बस भौत तेरा रूप की, ओटुवा बेलेणा, भीना हे बजायरा भीना, हरी भरी सार, सर्र बिराली बणिक ऐजा है आदि गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने बंदूक्या जसपाल राणा सिस्त साधी दे, उत्तराखंड मा बाग लग्यूं बाग मार दे गाकर दिवंगत शूटर जसपाल राणा को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन सतेंद्र रावत, वीरेंद्र खंकरियाल व गणेश खुगशाल गणी ने किया। इस मौके पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल पौड़ी कमल प्रसाद बमराडा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल पौड़ी महेश बलूनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल पौडी विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता पौड़ी गजेंद्र सिंह रावत, पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा आदि मौजूद रहे।

