गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस पर निकला भव्य नगर कीर्तन, गतका दल ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
नैनीताल, 20 जून (हि.स.)। सिख धर्म के पांचवे गुरु, गुरु अर्जुन देव जी के 420वें शहीदी दिवस पर शनिवार को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा नैनीताल के तत्वावधान में नगर में बड़ी श्रद्धा व उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन एवं झांकी निकाली गयी। पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान हल्द्वानी व फतेहगढ़ साहिब के कलाकारों की बाजों के साथ आकर्षक झांकी और अमरोहा से आये गतका दल के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे।
आयोजन की शुरुआत गुरुद्वारे में अरदास के साथ हुई। इसके बाद गुरुद्वारे से माल रोड होते हुए तल्लीताल और वापस गुरुद्वारे तक नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें लुधियाना के बैंड ने प्रस्तुति दी। झांकी में गुरु अर्जुन देव जी के जीवन और बलिदान से जुड़े भावुक दृश्य प्रस्तुत किये गये। चन्नी राजा सहित कई प्रतिष्ठानों के आगे प्रसाद वितरण भी किया गया।
शनिवार का दिन होने के कारण हल्द्वानी की बड़ी संगत ने भी आयोजन में भागेदारी कीं बाजपुर, नानकमत्ता व रुद्रपुर से भी सिख समुदाय के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष जोगेंदर सिंह आनंद, महासचिव अमरप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, जीत सिंह, मनप्रीत सिंह, सतनाम सिंह, संदीप सिंह, जगजीत सिंह, जसकरण सिंह और मंजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने किया।
एमएममहासचिव अमरप्रीत सिंह ने बताया कि आगे रविवार 21 जून को प्रातः 11 बजे से अखंड साहिब का पाठ होगा, जिसके उपरांत दीवान सजाया जाएगा जिसमें अमृतसर व गुरदेव सिंह और बछेद्दर सिंह ज्ञानी कथा व प्रवचनों से संगत को निहाल करेंगे, साथ ही अखंड लंगर आयोजित किया जाएगा। नगर कीर्तन के दौरान माल रोड पर यातायात रोके जाने से नगर की प्रमुख सड़कों पर इस दिन हर वर्ष की तरह नगर के बाहर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और यात्रियों को लंबे समय तक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।

