भर्ती कैलेंडर पर तेजी से आगे बढ़ रही प्रक्रिया, कांस्टेबल भर्ती 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार पदों पर होगी

जयपुर, 06 जून (हि.स.)। राज्य सरकार के भर्ती कैलेंडर-2026 के तहत विभिन्न विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को लंबित एवं प्रक्रियाधीन भर्तियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिकाधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

शनिवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि भर्ती कैलेंडर में घोषित प्रक्रियाएं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने वित्त विभाग, कार्मिक विभाग, संबंधित विभागों और भर्ती एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में प्रशासनिक सुधार विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 53 हजार 749 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है। वर्तमान में दिव्यांग श्रेणी, खेल प्रमाण-पत्रों के सत्यापन तथा चिकित्सा परीक्षण से जुड़ी कार्रवाई जारी है, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सा परीक्षण और अन्य शेष प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वायत्त शासन विभाग ने जानकारी दी कि 24 हजार 793 सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया निर्धारण का प्रस्ताव अनुमोदन स्तर पर है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रिया तय समय में पूरी कर ली जाएगी। बैठक में बताया गया कि गृह विभाग की उप निरीक्षक भर्ती में 61 अतिरिक्त पद स्वीकृत होने के बाद अब भर्ती 1015 के बजाय 1076 पदों पर की जाएगी। इसके लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का परिणाम संशोधित पद संख्या के अनुसार जारी किया जाएगा।

इसके साथ ही भर्ती कैलेंडर में निर्धारित 4000 कांस्टेबल पदों की संख्या बढ़ाकर 6000 पद कर दी गई है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर मिलेगा।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बताया कि 3000 सपोर्ट इंजीनियर एवं अन्य पदों के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि 600 चिकित्सा अधिकारी पदों की भर्ती के लिए प्रस्ताव शीघ्र भर्ती एजेंसी को भेजा जाएगा। इसके अलावा 2000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल पदों पर भर्ती नियमों में संशोधन के बाद समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

शिक्षा विभाग की विभिन्न भर्तियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग में 10 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनमें पूर्व से प्रक्रियाधीन भर्तियों में अतिरिक्त रिक्त पदों को भी शामिल किया गया है। अध्यापक ग्रेड-तृतीय भर्ती में पहले विज्ञापित 5000 पदों के साथ 2000 अतिरिक्त रिक्त पद जोड़े गए हैं, जिससे कुल पदों की संख्या बढ़ गई है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारी, ग्राम विकास अधिकारी, सपोर्ट इंजीनियर, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल और शिक्षा विभाग की भर्तियों से जुड़े लंबित अनुमोदनों और प्रक्रियागत मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को जल्द रोजगार के अवसर मिल सकें और विभागों में सेवा वितरण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो।

बैठक में विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

---------------

   

सम्बंधित खबर