जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों का प्रदर्शन, सीईओ कार्यालय पर नारेबाजी
- DSS Admin
- May 18, 2026

चंपावत, 18 मई (हि.स.) उत्तराखंड राज्य जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबे समय से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद संघ पदाधिकारियों ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
जिलाध्यक्ष रमेश देव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक संगठन वर्षों से विभिन्न सेवा संबंधी मांगों को शासन के समक्ष रखता आ रहा है, लेकिन अब तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने से शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से छूट देना, जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को समान कार्य के आधार पर समान वेतन श्रेणी में शामिल करना, प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नति का लाभ देना और जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय का पांचवां पद सृजित करना शामिल है।
इसके अलावा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए अलग बजट तय करने, सीपीएड शिक्षकों को एलटी व्यायाम पदों पर समायोजित करने तथा 5400 ग्रेड वेतन पाने वाले शिक्षकों को राजपत्रित अधिकारी का दर्जा देने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन में जगदीश तड़ागी, पुष्करनाथ गोस्वामी, देवेंद्र देव, सुभाष चंद्र, कृष्ण कुमार चौबे, हर्ष प्रदीप टम्टा, पान सिंह अधिकारी, रमेश कुमार और त्रिलोक राम समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।

