सिसौना नदी पर बनेगा 150 मीटर लंबा पुल, मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
- DSS Admin
- May 17, 2026
सितारगंज, 17 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल सितारगंज से जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित परियोजना के तहत सिसौना नदी पर बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल बनने से करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सिडकुल सितारगंज एवं विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति का नया द्वार बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और राज्य सरकार गांव से लेकर शहर तक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि शक्तिफार्म क्षेत्र में पीपीपी मॉडल पर आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। इसके अलावा प्रह्लाद पलसिया में करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे एक्वा पार्क का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए स्थानीय पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। वहीं सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद में विकास की कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। गदरपुर और खटीमा बाईपास, आधुनिक बस अड्डे, खेल स्टेडियम, साइक्लिंग और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान देने का काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनर्जीवित कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई जरूरतों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल कर रही है। किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखती, बल्कि समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित करती है। साथ ही प्रदेश में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर मिला है।
इस मौके पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

