पलटन बाजार में कपड़ा दुकान के गोदाम में लगी आग, लाखों का नुकसान
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
देहरादून, 17 जून (हि.स.)। नगर के व्यस्त पलटन बाजार क्षेत्र में बुधवार को एक कपड़ा दुकान के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर को सूचना मिली कि पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स की इमारत के तृतीय तल पर आग लग गई है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल और फायर स्टेशन देहरादून से दमकल के चार वाहन मौके पर भेजे गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए अग्निशमन कर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुकान की इमारत में लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था और इसके लिए वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

