पौड़ी गढ़वाल, 18 मई (हि.स.)। टीईटी की बाध्यता को समाप्त करने सहित 13 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने सोमवार को हुंकार रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। रैली में जिले के विभिन्न ब्लाकों से आए बड़ी संख्या में शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
आक्रोशित शिक्षकों ने जल्द समस्याओं का हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। संघ ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्याओं के हल की मांग उठाई गई।
सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने डीईओ बेसिक दफ्तर से डीएम कार्यालय तक रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन। जिलाधिकारी कार्यालय में धरने के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष भगत भंडारी ने कहा संघ पिछले लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अभी तक इन पर कोई कदम नहीं उठ पाया है।
कहा कि टीईटी से मुक्त रखने सहित प्रारंभिक शिक्षा में त्रिस्तरीय कैडर व्यवस्था लागू किए जाने, शिक्षकों को 17140 की वसूली से मुक्त रखे जाने, सेवा काल में एक बार जिला कैडर बदलाव का मौका दिए जाने, प्रारंभिक शिक्षकों की पूरी सेवा काल में तीन पदोन्नतियों सुनिश्चित किए जाने, जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी शिक्षक का पद सृजित किए जाने, एक चयन प्रोन्नत वेतमान में एक वेतन वृद्धि दिए जाने के साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग की जा रही है लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई कदम नहीं उठाए जा रहे है। जिससे शिक्षकों में रोष बना हुआ है।
उन्होंने जल्द ही शिक्षकों की समस्याएं हल करने की मांग उठाई। इस मौके पर संघ के मंत्री भोपाल सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी, वरिष्ठ संयुक्त मंत्री दलीप कुमार वर्मा आदि शामिल रहे।

