एसएमजेएन कॉलेज में पौधारोपण अभियान, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- DSS Admin
- May 12, 2026
हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रेरणादायक पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान सभी ने संयुक्त रूप से कॉलेज परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा एवं छात्र कल्याण डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से किया।
भीषण गर्मी और बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर को हरा-भरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। इस दौरान नवीन ने जिनिया, कामिनी ने मैडागास्कर पेरिविंकल, श्रीन शर्मा ने सूरजमुखी, गुंजन मोदीवाल ने स्नेक प्लांट, नेहा ने एलोवेरा तथा कशिश ग्रेवाल ने गुलाब के पौधे लगाए।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा शुरू की गई यह मुहिम आने वाले समय में पर्यावरण और प्रकृति के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी। उन्होंने ‘पर्यावरण बचाओ, पृथ्वी बचाओ’ का संदेश देते हुए कहा कि युवाओं का पर्यावरण से जुड़ना समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों के नियमित संरक्षण और देखभाल की शपथ भी दिलाई।
डीन डॉ. एस.के. माहेश्वरी ने छात्रों के प्रयास को सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के विनीत सक्सेना, प्रिंस, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. मनीषा पांडे, पदमावती तनेजा और यादवेन्द सिंह सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

