सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की उठाई मांग
- DSS Admin
- May 29, 2026
पौड़ी गढ़वाल, 29 मई (हि.स.)। शहर में यात्रियों व शहरवासियों के लिए सार्वजनिक स्थानों में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से समस्याएं हो रही है। यात्रियों व शहरवासियों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है। यात्रियों व शहरवासियों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल नहीं मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी बनी हुई है।
शहर के सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली ने शहर के विभिन्न स्थानों में लोगों के लिए प्याऊ लगाने की मांग की है। उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर शहर में विभिन्न स्थानों में प्याऊ लगाने की मांग की है। शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देते हुए राकेश गौरशाली ने कहा कि इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है लेकिन शहरवासियों व यात्रियों के लिए शहर में कही भी पीने के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं है। जिससे सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कहा कि इन दिनों छुटटियों में महानगरों से भी प्रवासी लोगों का शहर में आना शुरू हो गया है। उन्होंने नगरपालिका से जल्द ही शहर के विभिन्न स्थानों में प्याऊ लगाने की मांग की है।

