अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों का लंबित वेतन जल्द जारी करने के निर्देश
- DSS Admin
- May 13, 2026
देहरादून, 13 मई (हि.स.)। प्रदेश के सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिलने के मामले में डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने लंबित वेतन शीघ्र जारी करने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने देने के निर्देश दिए।
बुधवार काे विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि शिक्षकों और कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
मंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार उनके सम्मान व सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अशासकीय विद्यालयों में वेतन भुगतान में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने संबंधित विद्यालयों और विभागीय अधिकारियों को लंबित औपचारिकताएं तेजी से पूरी कर यथाशीघ्र वेतन निर्गत करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।
वहीं अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेने और शीघ्र वेतन जारी करने के निर्देश देने पर शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। संघ ने मांग की कि राजकीय शिक्षकों की तरह अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन भी समय पर जारी किया जाए।

