अकोढ़ा कला में जनता दरबार, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान
- DSS Admin
- May 29, 2026
हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। लक्सर विकासखंड की ग्राम पंचायत अकोढ़ा कला में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। जनता दरबार में बिजली, पेयजल, सड़क, पेंशन, राजस्व और अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें दर्ज की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। प्रशासन ने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय के साथ काम करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

