पौड़ी गढ़वाल, 19 जून (हि.स.)। गढ़वाल की सांस्कृतिक पहचान और आस्था के प्रतीक आराध्य देव श्री कंडोलिया ठाकुर का तीन दिवसीय वार्षिक पूजन शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गया।
देव आवाहन, ध्वजा पूजन और देव डोली के भव्य नगर भ्रमण के साथ वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ के शुभारंभ ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
शुक्रवार को श्री कंडोलिया ठाकुर की डोली ने शहर भ्रमण किया। इसके बाद नौगांवों से कंडोलिया मंदिर में ध्वजा चढ़ाई गई। मंदिर में शनिवार को मानस पाठ पूर्ण होने के बाद भजन-कीर्तन, महाआरती, रात्रि जागरण और पारंपरिक मंडाण होंगे। रविवार को यज्ञ, विशेष पूजन और विशाल भंडारे के साथ इस धार्मिक आयोजन का समापन होगा।
श्री कंडोलिया वार्षिकोत्सव समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता को प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया है। समिति ने विशेष रूप से भंडारे के बाद उपयोग की गई पत्तलों को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की है।

