हरिद्वार, 17 जून (हि.स.)। एक युवक ने बुधवार को रुड़की में गणेशपुर पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। ढंढेरा निवासी युवक सचिन (27वर्ष) मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। जिस समय यह घटना घटी, युवक की मां उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास लेकर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार मां और बेटा गणेशपुर पुल से गुजर रहे थे, तभी सचिन अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़ गया और देखते ही देखते गंगनहर में कूद गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर जल पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश शुरू की। फिलहाल पुलिस और जल पुलिस की टीम गंगनहर में सर्च अभियान चला रही है।

