नहर में मछली पकड़ने गए चाचा भतीजे की पानी में डूबकर मौत
- Admin Admin
- Jun 29, 2025
कानपुर, 29 जून (हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र के पनकी नहर पुल के पास मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई। जब पूरी रात दोनों घर वापस नहीं लौटे ताे रविवार सुबह उनकी खाेजबीन शुरू कर दी गई। नहर के पास दोनों के कपड़े और सामान मिलने पर परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से नहर से करीब 500 मीटर दूरी पर दोनों के शवों को बरामद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खेरसा गांव निवासी रमेश पासवान (55) अपने भतीजे बब्लू (35) के साथ शनिवार रात को मछली पकड़ने नहर गए थे। नहर में जाल बिछानेे के दौरान चाचा और भतीजे जाल में उलझ कर डूब गए और दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि चाचा-भतीजे अक्सर शाम के समय शिकार पर जाते थे और अगली सुबह घर वापस लौटते थे। रविवार सुबह तक दाेनाें वापस नहीं लौटे ताे परिजनों ने जाकर देखा तो नहर के बाहर दोनों के कपड़े और सामान पड़े हुए थे।
बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मछली पकड़ने गए चाचा-भतीजे की पानी में डूबने से मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम भेज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप



