बड़ागांव में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटा, तीन की मौत
- Admin Admin
- Feb 08, 2025
![](/Content/PostImages/4ceefe3fc29d2e8a09e212d40d0067de_2088903166.jpg)
—ट्रैक्टर खरीदने के बाद तीनों अदलपुरा शीतला धाम से दर्शन कर घर लौट रहे थे, घर से कुछ दूर हुआ हादसा
वाराणसी, 08 फरवरी (हि.स.)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव के समीप तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार पिता-पुत्र और भतीजे की दबकर मौत हो गई। शुक्रवार देर रात हुई घटना की जानकारी पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार औसानपुर गांव के रामदुलार राम उर्फ भोनू (62) ने शुक्रवार को राजातालाब मोहनसराय से एक पुराना ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर और ट्राली लेकर भोनू अपने पुत्र मन्नू राम (35) और भतीजे विनोद राम (45) के साथ अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला धाम में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। धाम से तीनों ट्रैक्टर पर सवार होकर घर के लिए निकले। ट्रैक्टर खुद भोनू चला रहे थे। वाहन उनके गांव के समीप जैसे ही देर रात पहुंचा मोड़ पर भोनू वाहन की गति पर नियंत्रण नहीं रख पाए। इससे वाहन मय ट्राली समेत सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में तीनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। शोर और चीख पुकार सुन कर आसपास के लोग जुटे। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी देकर तीनों को किसी तरह वाहन के नीचे से निकाला। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से तीनों को गंभीर अवस्था में पुलिस ने निकट के अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पाते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, परिवार में वाहन खरीदने की खुशी मातम में बदल गई। ग्रामीणों के अनुसार खेती किसानी करने वाले रामदुलार के तीन पुत्रों में बड़े मन्नू राम की हादसे में उनके साथ ही मृत्यु हो गई। मन्नू राम के चार पुत्र व एक पुत्री और भतीजे विनोद के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। विनोद ठेकेदारी और मन्नू मजदूरी कर अपना परिवार चलाता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी