नारी समाज का भाजपा को भरपूर सहयोग व समर्थन : सहजानंद राय

विशेष अभियान के तहत क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय पर महिलाओं को दिलाई भाजपा की सदस्यता

गोरखपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा संगठन की ओर से शनिवार को सदस्यता का विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष सहजानंद राय ने क्षेत्रीय कार्यालय (रानीडीहा) पर करीब तीन दर्जन महिलाओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में उपस्थित नारी समाज का क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सर्वप्रथम मुंह मीठा कराया। सभी का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान में देश की आधी आबादी नारी समाज का भाजपा को भरपूर समर्थन और सहयोग मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है। प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार बनाने में सफल हुई थी। हाल ही में नारी समाज के आशीर्वाद से भाजपा ने हरियाणा में इतिहास रचने का कार्य किया है। देश के जिन राज्यों में भाजपा या राजग गठबंधन की सरकार है, इसकी देन नारी समाज ही है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने भी सदस्यता अभियान में नारी समाज को अधिक से अधिक संख्या में जोड़कर भाजपा को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया है। बताया कि विशेष अभियान के तहत आज हर बूथ पर पार्टी पदाधिकारियों को कम से कम दस लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलानी है। उन्होंने भाजपा के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आह्वान भी किया।

भाजपा महिला मोर्चा की महानगर मंत्री सुनीता पासवान ने सभी के प्रति आभार जताया। पूर्व महानगर अध्यक्ष व सदस्यता अभियान के सह क्षेत्रीय संयोजक राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, छोटेलाल पासवान, सुधाकर यादव, सर्वदीप सिंह सन्नी, कंचन देवी, पूनम देवी, उषा देवी, संजू देवी, उत्तम यदुवंशी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

   

सम्बंधित खबर