अंडर ट्रायल कैदी का शव पेड़ से लटका मिला, प्रेसिडेंसी करेक्शनल होम में रहस्यमय मौत की जांच शुरू
- Admin Admin
- Nov 20, 2025
कोलकाता, 20 नवम्बर (हि.स.)। प्रेसिडेंसी करेक्शनल होम में एक अंडर ट्रायल कैदी का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
करेक्शनल होम सूत्रों ने गुरुवार सुबह बताया कि मृतक की पहचान झारखंड निवासी संदीप दास के रूप में हुई है। टॉलीगंज थाने की पुलिस ने वर्ष 2024 में उसे गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ डकैती सहित कई मामले दर्ज थे और एक मामला शस्त्र अधिनियम के तहत भी दर्ज था। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और तब से वह अंडर ट्रायल कैदी के रूप में प्रेसिडेंसी करेक्शनल होम में बंद था।
सूत्रों ने बताया कि संदीप बुधवार सुबह से लापता था। सुरक्षा कर्मियों ने पूरे परिसर में तलाश शुरू की। बाद में उसका शव करेक्शनल होम के भीतर एक पेड़ से लटका हुआ मिला।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि करेक्शनल होम के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि घटना कैसे हुई और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



