(अपडेट) दिल्ली-बीकानेर इंडिगो फर्स्ट फ्लाइट सेरेमनी में शिरकत करने शुक्रवार काे आएंगे दाे केंद्रीय मंत्री

बीकानेर, 6 फ़रवरी (हि.स.)। बीकानेरवासियों के लिए हवाई यात्रा की सुविधा में एक बड़ा कदम उठाते हुए इंडिगो एयरलाइंस 7 फरवरी से दिल्ली- बीकानेर के बीच नियमित फ्लाइट सेवा शुरू करेगा।

विमानपत्तन निदेशक राजेंद्र सिंह बघेला ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से यह सेवा संभव हो सकी है। फ्लाइट की टाइमिंग और बुकिंग की शुरुआत के साथ बीकानेर के व्यापारिक जगत में उत्साह का माहौल है।इंडिगो फर्स्ट फ्लाइट सेरेमनी में शिरकत करने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर आएंगे। दाेनाें केंद्रीय मंत्री शुक्रवार प्रात 8:25 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होकर प्रातः 9:45 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे तथा इंडिगो फर्स्ट फ्लाइट सेरेमनी में शिरकत करने के बाद प्रातः 10:05 बजे वायुयान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।दिल्ली-बीकानेर फ्लाईट 7 फरवरी से प्रतिदिन चलेगी। पूर्व में की गयी घोषणा के अनुसार दिल्ली के बीच सप्ताह के सातों दिन फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इससे पहले इंडिगो ने अपनी होम मैग्जीन में भी जूनागढ़ किले का फोटो लगाते हुए बीकानेर का शेड्यूल और टूरिज्म की खूबियां बतायी है। साथ ही बीकानेर के नाल स्थित सिविल एयरपोर्ट पर स्टाफ भी तैनात किया है।

शेड्यूल के अनुसार बीकानेर से दिल्ली की हवाई दूरी लगभग 1 घंटा और 20 मिनट होगी। फ्लाईट 6ई-7442 शुक्रवार, 7 फरवरी काे दिल्ली से सुबह 8:25 बजे रवाना होकर बीकानेर 9:45 बजे लैंड करेगी। वापसी में फ्लाइट संख्या 6ई-7443 सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर बीकानेर से उड़ान भकर 11:20 पर दिल्ली लैंड करेगी। इंडिगो अधिकारी विनय मल्होत्रा का कहना है कि राजस्थान में बीकानेर अब हमारी कंपनी का पांचवां डेस्टिनेशन प्वाइंट है।

वर्तमान में नाल एयरपोर्ट से एलायंस एयर की फ्लाइट केवल सोमवार और शुक्रवार को दिल्ली जाती है। इंडिगो की रोजाना उड़ानों से हवाई यात्रियों को अधिक विकल्प और सुविधाजनक यात्रा समय मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

   

सम्बंधित खबर